Sat, Nov 7, 2026 Updated 07:47 AM IST
अपना इलाका

चुनाव ड्यूटी में “लापरवाही” पड़ी भारी: आजमगढ़ के बीईओ पर गिरी गाज, डीएम के कड़े तेवर से विभाग में मचा हड़कंप

1 hour पहले

आजमगढ़। जिले में सरकारी कार्यों में शिथिलता और निर्वाचन जैसे अति-संवेदनशील कार्यों में कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ताजा मामला बिलरियागंज और अजमतगढ़ ब्लॉक से जुड़ा है, जहाँ तैनात खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) जगदीश यादव को उनके मूल दायित्वों से हटाकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

बैठकों से दूरी और पोर्टल पर “जीरो” एक्टिविटी

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जगदीश यादव गोपालपुर और सगड़ी विधानसभा क्षेत्रों में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) के रूप में तैनात थे। उन पर आरोप है कि निर्वाचन संबंधी कई महत्वपूर्ण बैठकों की सूचना दिए जाने के बावजूद वे लगातार अनुपस्थित रहे। इतना ही नहीं, मतदाता सूची के सत्यापन, मृत और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की रिपोर्ट गूगल शीट पर अपडेट न करने का भी उन पर गंभीर आरोप है।

डीएम के निर्देश पर हुई बड़ी कार्रवाई

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब 4 नवंबर को सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के पोर्टल की समीक्षा की गई। जाँच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि जगदीश यादव ने “एईआरओ लॉगिन पोर्टल” पर अब तक एक बार भी लॉगिन नहीं किया था। इसे निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के प्रति घोर लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना मानते हुए, उप जिलाधिकारी (SDM) सगड़ी की रिपोर्ट पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने उनके स्थानांतरण की संस्तुति की थी।

इन अधिकारियों को मिला अतिरिक्त प्रभार

जिलाधिकारी के कड़े रुख के बाद बीएसए राजीव पाठक ने जगदीश यादव के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से बीएसए कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। विभाग ने कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए बिलरियागंज ब्लॉक का अतिरिक्त प्रभार रतनशंकर पांडेय और अजमतगढ़ का प्रभार पंकज मौर्य को सौंप दिया है।

आजमगढ़ टाइम्स सवाल: क्या आपको लगता है कि चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई से व्यवस्था में सुधार आएगा? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।

ऐप खोलें