आजमगढ़। सूबे में भले ही 2027 के विधानसभा चुनाव में अभी वक्त हो, लेकिन सियासी जमीन पर बिसात बिछनी शुरू हो चुकी है। आजमगढ़ जिले के सगड़ी तहसील अंतर्गत मालटारी में अपना दल (सोनेलाल) की सगड़ी विधानसभा इकाई की एक अहम रणनीतिक बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर न सिर्फ हुंकार भरी, बल्कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने की पुरजोर मांग उठाई।
बैठक में जुटे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एक सुर में संकल्प लिया कि यदि पार्टी नेतृत्व आगामी विधानसभा चुनाव में सगड़ी सीट से अपना प्रत्याशी मैदान में उतारता है, तो कार्यकर्ता पूरी ताकत झोंककर सीट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कराएंगे। सक्रिय कार्यकर्ता मुकेश राय के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, नए सदस्यों को जोड़ने और घर-घर तक जनसंपर्क अभियान चलाने की ठोस रूपरेखा तैयार की गई।
संगठन के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष हरिहर पटेल ने कहा कि, “कार्यकर्ताओं को मिशन 2027 के लिए अभी से कमर कसनी होगी। संगठन की जमीनी मजबूती ही चुनावी रण में जीत की असली गारंटी बनती है। पार्टी की जनहितकारी नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के विजन को जन-जन तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।”
वहीं, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम दरश पटेल ने कहा कि पूर्वांचल समेत पूरे प्रदेश में अपना दल (एस) का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव और चौपालों तक पहुंचें और पार्टी की विचारधारा को मजबूती से रखें। सगड़ी विधानसभा सीट पर अपनी दावेदारी को पुख्ता करने के लिए एकजुटता ही सबसे बड़ा हथियार है।
इस महत्वपूर्ण राजनीतिक बैठक में महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष गीता पटेल, जिला उपाध्यक्ष रामजीत पटेल, राकेश सिंह, राम सिंह, संजय राय प्रधान, हरकेश चौरसिया, घनश्याम राय, मुहम्मद अब्दुल्ला, सलाउद्दीन अंसारी और महेंद्र पाल सिंह पटेल समेत भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजक मुकेश राय ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए पार्टी की मजबूती के लिए समर्पित भाव से काम करने का आह्वान किया।
पाठकों से सवाल: क्या आपको लगता है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) आजमगढ़ की सगड़ी सीट पर बड़ा सियासी उलटफेर करने में कामयाब होगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें।
