Sat, Nov 7, 2026 Updated 07:30 PM IST
अपना इलाका

‘अर्नव’ तूफान की आहट से सहमे आजमगढ़ के किसान! कोइलसा में मंडराया संकट, धान की मड़ाई और सरसों की बुवाई में मची अफरातफरी

1 week पहले

आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। जिले के कोइलसा क्षेत्र में चक्रवाती तूफान ‘अर्नव’ की आहट ने स्थानीय किसानों की नींद उड़ा दी है। 28 अक्टूबर की दोपहर बाद से ही आसमान में काले बादलों का डेरा जमा हुआ है। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से भले ही लोगों को गर्मी से राहत मिली हो, लेकिन अपनी गाढ़ी कमाई खेतों में लगाने वाले अन्नदाताओं के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गई हैं।

मौसम के बदले मिज़ाज और तूफान की आहट से पूरे कोइलसा इलाके में अफरातफरी का माहौल है। दरअसल, यह समय खेती-किसानी के लिहाज से बेहद नाजुक है। एक तरफ जहाँ खेतों में धान की फसल पककर पूरी तरह तैयार खड़ी है, वहीं दूसरी तरफ किसान खाली खेतों में रबी की मुख्य फसल सरसों की बुवाई में जुटे हुए हैं। ऐसे में अगर बारिश या तेज हवाएं चलती हैं, तो दोनों ही फसलों को भारी नुकसान होने का अंदेशा जताया जा रहा है।

तूफान की आशंका के चलते किसान अब दिन-रात एक करके हड़बड़ी में धान की कटाई, मड़ाई और कुटाई के काम में लग गए हैं। किसान किसी भी तरह मौसम का कहर टूटने से पहले अपनी सालभर की मेहनत को सुरक्षित ठिकानों और गोदामों तक पहुँचाने की जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं।

आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: क्या आपके क्षेत्र (गांव/ब्लॉक) में भी अर्नव तूफान को लेकर मौसम बदला है? आपने अपनी तैयार फसल को बचाने के लिए क्या इंतजाम किए हैं? नीचे कमेंट बॉक्स में अपने गांव के नाम के साथ अपनी राय जरूर दर्ज करें!

ऐप खोलें