Fri, Nov 6, 2026 Updated 08:03 PM IST
अपना इलाका

सड़क सुरक्षा को लेकर आजमगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: डीएवी पीजी कॉलेज के युवाओं ने ली शपथ, दिए गए कड़े निर्देश!

4 hours पहले

आजमगढ़। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम जनता को जागरूक करने के मकसद से चलाए जा रहे ‘यातायात माह नवंबर’ के तहत पुलिस की मुहिम अब धरातल पर रंग लाती दिख रही है। इसी कड़ी में शहर के रैदोपुर स्थित डीएवी पीजी कॉलेज में बुधवार को यातायात पुलिस द्वारा एक वृहद सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस ने छात्र-छात्राओं को सड़क पर चलने के बुनियादी और बेहद जरूरी नियमों के प्रति सतर्क किया। पुलिस टीम ने युवाओं को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग की हिदायत दी। इसके अलावा, तय गति सीमा से अधिक तेज वाहन न चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने और गाड़ी चलाते वक्त मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की सख्त सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना कानूनन अपराध है और अभिभावक कम उम्र के बच्चों को गाड़ियां न सौंपें।

यह पूरा जागरूकता अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. अनिल कुमार के कुशल निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। अभियान के दौरान यातायात पुलिस के जवानों ने विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए पंपलेट बांटे और नियमों की बारीकियों से अवगत कराया।

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कॉलेज स्टाफ को खुद यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। संकल्प लिया गया कि सड़क सुरक्षा को हर नागरिक अपनी नैतिक जिम्मेदारी मानेगा।

आजमगढ़ टाइम्स की बात- आपकी राय: क्या सिर्फ पुलिस के अभियानों और शपथ लेने से आजमगढ़ की सड़कों पर हादसों का सिलसिला थमेगा, या फिर जब तक लोग खुद चालान के डर के बिना नियम नहीं मानेंगे तब तक सुधार मुमकिन नहीं है? अपनी बेबाक राय नीचे कमेंट सेक्शन में जरूर लिखें!

ऐप खोलें