Sun, Nov 8, 2026 Updated 12:40 AM IST
अपना इलाका

‘ऑपरेशन त्रिशूल’ से कांपेंगे आजमगढ़ के अपराधी: पुलिस ने जारी किया सीक्रेट नंबर, नाम रहेगा गुप्त; बस एक मैसेज और होगी सीधी कार्रवाई!

1 day पहले

आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। जिले में नशे के सौदागरों, अवैध असलहों के तस्करों और कच्ची शराब के माफियाओं पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. अनिल कुमार के कड़े निर्देशों के तहत शुक्रवार को ‘ऑपरेशन त्रिशूल–सामुदायिक आसूचना तंत्र’ की शुरुआत की गई है। इस विशेष अभियान का सीधा मकसद आम जनता को पुलिस का गुप्त हथियार बनाना है, ताकि गली-मोहल्लों में पनप रहे अपराध को जड़ से मिटाया जा सके।

अभियान का खाका साझा करते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने आम नागरिकों के लिए एक विशेष मोबाइल और व्हाट्सएप नंबर 9151828820 जारी किया है। इस नंबर पर जिले का कोई भी व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री या भंडारण, अवैध हथियारों के निर्माण व तस्करी तथा अवैध शराब के काले कारोबार से जुड़ी गोपनीय जानकारी दे सकता है। खास बात यह है कि अब लोग केवल सूचना ही नहीं, बल्कि संदिग्ध गतिविधियों की फोटो, वीडियो और लाइव लोकेशन भी सीधे पुलिस तक भेज सकेंगे।

सुरक्षा और कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने जिले के नागरिकों को आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले किसी भी व्यक्ति का नाम, नंबर या पहचान 100% गोपनीय रखी जाएगी। इस व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए एक समर्पित विशेष टीम का गठन किया गया है, जो मिलने वाली सूचनाओं की तत्काल जांच कर मौके पर सख्त कार्रवाई करेगी। आजमगढ़ पुलिस ने ‘नजर आपकी-कार्रवाई हमारी’ के नारे के साथ जनता से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है।

आजमगढ़ टाइम्स की जनता से राय: क्या आपको लगता है कि आजमगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन त्रिशूल’ जिले से नशा और अवैध हथियार माफियाओं का सफाया करने में मददगार साबित होगा? नीचे कमेंट बॉक्स में अपनी निडर राय जरूर साझा करें!

ऐप खोलें