Sat, Nov 7, 2026 Updated 09:54 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ में शिक्षक MLC चुनाव से पहले बड़ा खेल बेनकाब: लग्जरी कार से ₹2.41 लाख कैश और चुनाव सामग्री बरामद, 4 लोग हिरासत में!

2 weeks पहले

आजमगढ़। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव से ठीक पहले जिले में हड़कंप मच गया है। चुनाव में कथित तौर पर नोटों के दम पर वोट साधने की एक बड़ी कोशिश को फ्लाइंग स्क्वाड टीम (FST) ने नाकाम कर दिया है। सिधारी थाना क्षेत्र के दौलतपुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान प्रशासन ने एक सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार से 2 लाख 41 हजार 500 रुपये नकद और भारी मात्रा में चुनाव प्रचार सामग्री बरामद की है। इस मामले में कार सवार चार लोगों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार (22 अक्टूबर) को उपजिलाधिकारी सदर अविनाश गौतम के नेतृत्व में गठित FST टीम दौलतपुर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की कड़ी निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। कार की बीच वाली सीट पर पांच सफेद झोले रखे हुए थे, जिनमें गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े पर्चे, हैंडबिल, वोटर स्लिप, बैलेट पेपर के प्रतिरूप (डमी) और शिक्षकों की मतदाता सूचियां भरी हुई थीं। इन झोलों पर बाकायदा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और प्रबंधक का नाम भी दर्ज था।

तलाशी के दौरान टीम को कार से ₹2,41,500 नकद भी मिले। आरोप है कि यह रकम कथित तौर पर लिफाफों में भरकर मतदाताओं के बीच बांटने के मकसद से ले जाई जा रही थी। मौके से पकड़े गए चारों आरोपियों की पहचान सुभाष सिंह व शिवगोविंद सिंह (निवासी करमी, थाना चिरैयाकोट, जनपद मऊ) और राजेश कुमार पांडेय (निवासी कस्बा सिधारी) व शिवमोहन सिंह (निवासी समेदा, थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़) के रूप में हुई है।

इस पूरे मामले में सिधारी थाने की पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए मुकदमा अपराध संख्या 431/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 173 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 123(1) (भ्रष्ट आचरण) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि चुनाव को प्रभावित करने की किसी भी अवैध कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

जनता से सीधा सवाल: प्रबुद्ध वर्ग माने जाने वाले शिक्षकों के चुनाव में भी अगर ‘नोट के बदले वोट’ का खेल खेला जा रहा है, तो इस पर आपकी क्या राय है? अपनी प्रतिक्रिया नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर दें।

ऐप खोलें