Sun, Nov 8, 2026 Updated 06:10 PM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ में शर्मसार हुई इंसानियत! फीस की प्रताड़ना से तंग 9वीं की मासूम छात्रा ने तोड़ा दम, सुसाइड से पहले वायरल वीडियो में खोले स्कूल के राज

2 hours पहले

आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ स्कूल प्रशासन की कथित प्रताड़ना से तंग आकर कक्षा 9 की एक 14 वर्षीया मासूम छात्रा ने खौफनाक कदम उठा लिया। फीस और अन्य बातों को लेकर उत्पीड़न के आरोपों के बीच छात्रा की शुक्रवार देर रात मंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मासूम की मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिधारी थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव निवासी आशीष गोड़ की 14 वर्षीय पुत्री राशि गोड़ शाहगढ़ स्थित ‘मां जगेशरा देवी इंटर कॉलेज’ में 9वीं कक्षा की छात्रा थी। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को विद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन था। प्रतियोगिता के बाद जब राशि घर लौटी तो अचानक उसकी हालत बिगड़ने लगी। घबराए परिजन उसे तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहाँ से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद छात्रा को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल के प्रधानाचार्य अखिलेश यादव और शिक्षक रिंकू द्वारा फीस समेत अन्य बातों को लेकर छात्रा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी उत्पीड़न से आहत होकर छात्रा ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही छात्रा का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह कथित तौर पर स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षक पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाती दिख रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। मामले पर सिधारी थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि प्रधानाचार्य और शिक्षक के खिलाफ नामजद तहरीर प्राप्त हुई है। नामजद शिक्षक से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहनता से जांच के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: क्या निजी स्कूलों द्वारा फीस या अन्य वजहों से बच्चों का इस तरह मानसिक उत्पीड़न करना जायज है? ऐसे मामलों में दोषी शिक्षकों और स्कूल प्रशासन पर क्या सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए? अपनी राय नीचे कमेंट करके जरूर दें।

ऐप खोलें