आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र से इंसानियत और कानून-व्यवस्था को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ प्रेम-प्रसंग के विवाद में एक युवक को न सिर्फ बेरहमी से पीटा गया, बल्कि कथित तौर पर उसे निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया गया। इतना ही नहीं, युवती के परिजनों पर युवक के गुप्तांग पर चाकू से वार कर उसे काटने के प्रयास का भी गंभीर आरोप लगा है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।बाजार जाते वक्त रास्ते में घेरा, लाठी-डंडों से पीटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रौनापार थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी अजीत विश्वकर्मा रोजी-रोटी के सिलसिले में बेंगलुरु में रहकर काम करता था और हाल ही में दशहरे के त्योहार पर बीते शनिवार को अपने घर लौटा था। आरोप है कि सोमवार की शाम जब अजीत बाइक से स्थानीय बाजार की तरफ जा रहा था, तभी प्राथमिक विद्यालय के पास कथित प्रेमिका के परिजनों ने उसे जबरन रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने लात-घूंसे और डंडों से उसकी जमकर पिटाई की।चाकू से वार और गांव में घुमाने का आरोप
पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में बेहद खौफनाक आरोप लगाए हैं। तहरीर के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपियों ने धारदार चाकू से उसके गुप्तांग पर हमला कर उसे काटने का प्रयास किया। बर्बरता यहीं नहीं रुकी; दबंगों ने कथित तौर पर अजीत के कपड़े फाड़कर उसे पूरी तरह निर्वस्त्र कर दिया और सरेआम पूरे गांव में घुमाया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई और किसी ग्रामीण ने मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी।यह है विवाद की पृष्ठभूमि
पीड़ित अजीत के मुताबिक, गांव की ही एक युवती के साथ उसका लगभग एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। करीब दस महीने पहले वह काम के सिलसिले में बेंगलुरु चला गया था। आरोप है कि युवती लगातार अलग-अलग नंबरों से फोन करके उस पर शादी का दबाव बना रही थी और इनकार करने पर आत्महत्या तक की धमकी दे रही थी। यहाँ तक कि युवती ने कथित तौर पर अपनी मांग में सिंदूर भरकर एक तस्वीर भी उसके मोबाइल पर भेजी थी।पुलिस के पहुंचते ही आरोपी फरार, मुकदमा दर्ज
वारदात की सूचना मिलते ही जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो आरोपी पुलिस की गाड़ी देखकर मौके से फरार हो गए। मामले की पुष्टि करते हुए रौनापार थानाध्यक्ष सुनील दुबे ने बताया कि पीड़ित युवक की तहरीर के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच-पड़ताल कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।आजमगढ़ टाइम्स का सवाल: प्रेम प्रसंग या आपसी विवाद में कानून को हाथ में लेकर इस तरह की बर्बरता और अमानवीय कृत्य करने वालों के खिलाफ प्रशासन को क्या नजीर पेश करने वाली सख्त कार्रवाई करनी चाहिए? अपनी राय हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।
