आजमगढ़ (आजमगढ़ टाइम्स)। जिले के निजामाबाद कस्बे में रविवार की शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तमसा नदी के शिवाला घाट पर नहाने गया 13 वर्षीय एक मासूम छात्र अनजाने में गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जब तक घाट पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, छात्र जिंदगी और मौत के बीच झूलने लगा। तभी वहां मौजूद एक जांबाज युवक मसीहा बनकर नदी में कूद पड़ा और मासूम को सकुशल बाहर निकाल लाया।
मिली जानकारी के अनुसार, निजामाबाद के मोहल्ला कस्बा निवासी खालिकुज्जमा का 13 वर्षीय पुत्र जियान अंसारी (कक्षा 6 का छात्र) रविवार शाम तमसा नदी के शिवाला घाट पर नहाने गया था। नदी में नहाते वक्त जियान को गहराई का अंदाजा नहीं मिला और वह गहरे पानी में समाने लगा। बच्चे को पानी में डूबते और छटपटाते देख मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त घाट के पास इलाके के लोग एक शव के दाह-संस्कार के लिए एकत्र थे। डूबते बच्चे की चीख सुनकर वहां मौजूद विशाल मोदनवाल उर्फ पिल्लू ने गजब का साहस और तत्परता दिखाई। अपनी जान का जोखिम उठाते हुए विशाल ने तुरंत तमसा नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने बेहद बहादुरी के साथ डूब रहे जियान को संभाला और खींचकर सुरक्षित किनारे ले आए।
विशाल की इस जांबाजी से मासूम जियान को नया जीवन मिला है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में विशाल मोदनवाल उर्फ पिल्लू की बहादुरी की चारों तरफ जमकर तारीफ हो रही है। छात्र के परिजनों ने भी विशाल का आभार व्यक्त करते हुए उनके इस कदम की सराहना की है।
पाठकों से सवाल: जांबाज युवक विशाल मोदनवाल पिल्लू की इस सूझबूझ और बहादुरी पर आपकी क्या राय है? क्या ऐसे साहसी युवकों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाना चाहिए? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर दें!


