Sat, Nov 7, 2026 Updated 07:51 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़-जौनपुर रूट पर दौड़ेगी विकास की रफ्तार: ठेकमा में बनेगा 8 KM लंबा बाईपास, 44 KM सड़क होगी चौड़ी; ₹653 करोड़ मंजूर!

2 weeks पहले

आजमगढ़। जनपदवासियों और पूर्वांचल के मुसाफिरों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने जिले के विकास को गति देने के लिए दो बड़ी सड़क परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है। इसके तहत ठेकमा में 8 किलोमीटर लंबे बाईपास निर्माण के साथ ही मुहम्मदपुर से लेकर जौनपुर तक 44 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।

ठेकमा क्षेत्र को जाम के झाम से पूरी तरह निजात दिलाने के लिए बनने वाले 8 किलोमीटर लंबे बाईपास पर कुल ₹436 करोड़ खर्च किए जाएंगे। एनएचएआई ने निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। परियोजना के लिए ₹162 करोड़ की लागत से 41.60 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पहले ही किया जा चुका है और शेष धनराशि बाईपास निर्माण पर खर्च होगी। कार्यदायी संस्था की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और इसी सप्ताह से निर्माण कार्य धरातल पर शुरू होने की पूरी संभावना है।

यह बहुप्रतीक्षित बाईपास ठेकमा के सरायमोहन से शुरू होकर गोसाई की बाजार तक बनेगा और सीधे एनएच-28 से जुड़ जाएगा। इस बाईपास के चालू होने के बाद ठेकमा, बरदह समेत आसपास के इलाकों के लोगों को एनएच-28 पकड़ने के लिए बाजारों और कस्बों की भीड़भाड़ में नहीं फंसना पड़ेगा। वाहन चालक बाईपास के जरिए सीधे अपनी मंजिल की ओर फर्राटा भर सकेंगे।

वहीं, दूसरी बड़ी परियोजना के तहत मुहम्मदपुर से जौनपुर स्थित लता मंगेशकर चौक तक 44 किलोमीटर लंबे मार्ग का कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए ₹217 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। वर्तमान में लगभग 10 मीटर चौड़ी इस सड़क की दोनों पटरियों को दो-दो मीटर और चौड़ा किया जाएगा। इस तरह यह सड़क करीब 12 मीटर चौड़ी और बेहद मजबूत बनाई जाएगी, जिससे आजमगढ़ से जौनपुर और वाराणसी की तरफ जाने वाले यात्रियों का सफर सुरक्षित और सुगम होगा।

एनएचएआई के सहायक अभियंता अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया है कि बाईपास के लिए जमीन अधिग्रहण और टेंडर का काम पूरा हो चुका है। कार्यदायी संस्था के कर्मचारी मौके पर तैनात हो चुके हैं और इसी हफ्ते से काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी तेज गति से कराया जाएगा ताकि राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पाठकों से सवाल: क्या ठेकमा बाईपास और इस सड़क के चौड़ीकरण से आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर वर्षों से लगने वाले भीषण जाम से स्थायी निजात मिल सकेगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें।

ऐप खोलें