Sun, Nov 8, 2026 Updated 01:39 AM IST
अपना इलाका

आजमगढ़ के अतरौलिया में सजा नौकरियों का बाजार: 32 कंपनियों ने 543 युवाओं को थमाया नियुक्ति पत्र, 2 हजार अभ्यर्थियों ने आजमाया भाग्य

6 days पहले

आजमगढ़ (अतरौलिया)। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रविवार का दिन नई उम्मीदों की सवेरा लेकर आया। अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र स्थित पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित एक दिवसीय भव्य रोजगार मेले में स्थानीय युवाओं का जबरदस्त तांता देखने को मिला। मेले में उतरी 32 नामी कंपनियों ने अभ्यर्थियों की प्रतिभा को परखते हुए 543 युवाओं को हाथों-हाथ नौकरी के लिए चुन लिया और मौके पर ही उन्हें नियुक्ति पत्र सौंप दिए।

उत्तर प्रदेश सरकार की ‘उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ योजना के तहत इस मेले का आयोजन क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आजमगढ़ द्वारा किया गया था। इस रोजगार मेले को लेकर अतरौलिया और आसपास के युवाओं में इस कदर उत्साह था कि करीब 2,000 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया। दिनभर चले साक्षात्कार और स्क्रूटनी के दौर के बाद 543 अभ्यर्थियों का चयन अंतिम रूप से किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेले में मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थ केयर, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल और मार्केटिंग जैसे अलग-अलग क्षेत्रों की 32 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। कंपनी प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, मूल प्रमाण पत्रों और साक्षात्कार में प्रदर्शन के आधार पर पारदर्शी तरीके से चयन प्रक्रिया पूरी की।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि, भाजपा लालगंज के जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने फीता काटकर किया। चयनित अभ्यर्थियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्होंने कहा कि, “ऐसे रोजगार मेले निजी क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक मजबूत प्लेटफॉर्म साबित हो रहे हैं। इससे हमारे इलाके के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार पाने के बेहतरीन अवसर मिल रहे हैं।”

इस रोजगार मेले के दौरान प्रशासनिक और शिक्षण संस्थान से जुड़े कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। इनमें सहायक निदेशक सेवायोजन राममूर्ति, जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गोंड, अनुदेशक अवधेश कुमार, पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरुण कांत सिंह, कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रवक्ता दिनेश सिंह, प्रवक्ता डॉ. शैलेश जायसवाल समेत सेवायोजन कार्यालय और कॉलेज के तमाम कर्मचारी उपस्थित थे।

आजमगढ़ टाइम्स की चौपाल (पाठक दें अपनी राय): क्या आपको लगता है कि आजमगढ़ की हर तहसील में ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन हर महीने होना चाहिए? निजी कंपनियों में मिल रहे इन अवसरों पर आपकी क्या राय है? नीचे कमेंट बॉक्स में अपनी बात जरूर रखें!

ऐप खोलें